Star khabre, Chandigarh; 6th August : हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश का असर चंडीगढ़ में भी देखने को मिला है। सुखना लेक का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। बुधवार को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीजन में पहली बार फ्लड गेट खोल दिए। इससे पहले सायरन बजाकर आसपास के इलाकों को अलर्ट किया गया।
कैचमेंट एरिया में तेज बारिश के कारण सुखना लेक में पानी के साथ-साथ मिट्टी और गाद का बहाव भी बढ़ गया है, जिससे जलस्तर तेजी से बढ़ा। प्रशासन ने लोगों को सुखना लेक व अन्य जल स्रोतों से दूर रहने और निचले इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मोहाली प्रशासन को भी किया अलर्ट
संबधित अधिकारी ने बताया कि इस समय पानी का लेबल 1163 पर है, जैसे ही 1162 पर आ जाएगा पानी को बंद दिया जाएगा। उन्होंने कहा ये पानी डेराबसी से होता हुआ आगे जाकर घग्गर नदी में मिल जाएगा। जिसे लेकर उन्होंने मोहाली प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया है।
3 दिन तेज बारिश की संभावना
प्रशासन के अनुसार, लेक के फ्लड गेट तभी खोले जाते हैं, जब पानी का स्तर निर्धारित सीमा को पार कर जाता है। चंडीगढ़ के मौसम विभाग ने भी अगले 2 से 3 दिन तक तेज बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक 505 मिमी बारिश
चंडीगढ़ में आज अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं अब तक मानसून की कुल 505.3 मिमी बारिश हो चुकी है।
News Source : DainikBhaskar
